अनुज सिंह के समर्थन में नवादा पहुंचे ‘छोटे सरकार’
नवादा। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर मैदान में उतर गए हैं।
शनिवार को अनंत सिंह ने पटना से डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो शुरू किया और नवादा जिले के वारिसलीगंज पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद चंदन सिंह चौक पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
वारिसलीगंज के बाद अनंत सिंह पकरीबरावां की ओर रवाना हुए। इसके बाद उनका बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और ‘बिहार केसरी’ श्रीकृष्ण सिंह के खनवां गांव पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का कार्यक्रम है। रोड शो को लेकर इलाके में काफी हलचल देखने को मिली।
अनंत सिंह पहले ही डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख सार्वजनिक कर दिया है और अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज समर्थित डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला है। ऐसे में अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है।