बेतिया में दिनदहाड़े 40 करोड़ की सनसनीखेज डकैती, 8 हथियारबंद अपराधियों ने गोल्ड शोरूम को बनाया निशाना
तीन बाइक से ग्राहक बनकर पहुंचे लुटेरे, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर समेट ले गए सोने-हीरे के जेवर; डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे
बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। बेतिया के कालीबाग थाना क्षेत्र स्थित सुप्रिया रोड के सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे आठ हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
ग्राहक बनकर आए, फिर तान दिए हथियार
जानकारी के अनुसार, अपराधी ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुए। कुछ देर तक दुकान की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने कर्मचारियों पर हथियार तान दिए। अचानक हुई इस घटना से शोरूम में अफरातफरी मच गई। बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर एक जगह बैठा दिया। कई लोगों के हाथ बांध दिए गए और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए, ताकि कोई बाहर सूचना नहीं दे सके।
विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट
लूटपाट के दौरान कुछ कर्मचारियों ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने हथियारों के दम पर शोरूम में रखे सोने और हीरे के कीमती आभूषण समेट लिए और तीन बाइक से फरार हो गए। वारदात के दौरान दो लोगों के सिर पर चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है।
डीआईजी और एसपी ने संभाली जांच की कमान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और डीएसपी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और कर्मचारियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। अपराधियों की पहचान के लिए शोरूम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश तेज
वारदात के बाद जिले के विभिन्न थानों को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित रास्तों पर नाकेबंदी और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। दिनदहाड़े शहर के व्यस्त इलाके में इतनी बड़ी वारदात होने से स्थानीय कारोबारियों में दहशत और आक्रोश है। फिलहाल पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर लूटे गए आभूषण बरामद करने की बड़ी चुनौती है।