बिहार में सरकारी दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा, 18 जिलों में 40 ठिकानों पर छापेमारी; पटना में पकड़ी गई नकली फैक्ट्री

जीएम रोड की तीन दवा दुकानों में 48 दवाओं की बिक्री पर रोक, लोहानीपुर में बिना लाइसेंस चल रही दवा निर्माण इकाई से 18 हजार रुपये की दवाएं जब्त

पटना। बिहार में सरकारी अस्पतालों की दवाओं की अवैध बिक्री और दवा कारोबार में अनियमितताओं के खिलाफ औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को राज्य के 18 जिलों में एक साथ अभियान चलाकर 40 स्थानों पर दवा दुकानों की जांच की गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। पटना के लोहानीपुर में बिना वैध लाइसेंस के दवाएं बनाने वाली एक इकाई का भी खुलासा हुआ। विभाग ने संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस रद्द करने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दरअसल, विभाग को सूचना मिली थी कि सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली दवाएं निजी दवा दुकानों में अवैध रूप से बेची जा रही हैं। इसके बाद बिहार राज्य औषधि नियंत्रण विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान अधिकांश स्थानों पर अनियमितताएं मिलने के बाद दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जीएम रोड की तीन दुकानों पर कार्रवाई, 48 दवाओं की बिक्री रोकी

पटना के प्रमुख दवा बाजार गोविंद मित्रा रोड (जीएम रोड) में तीन दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर कुल 48 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इसके लिए फॉर्म-15 जारी किया गया। साथ ही गुणवत्ता जांच के लिए तीन दवाओं के नमूने भी लिए गए।

कार्रवाई के दौरान मेसर्स मां तारा एजेंसी में 10 दवाओं, मेसर्स मेडिसिन हाउस में नारकोटिक श्रेणी की दवाओं समेत 16 दवाओं और मेसर्स मां अपर्णा मेडिसिन में 22 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। मेडिसिन हाउस में संबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

लोहानीपुर में बिना लाइसेंस चल रही थी दवा फैक्ट्री

छापेमारी का एक बड़ा खुलासा पटना के लोहानीपुर स्थित महावीर पथ के भगवती सदन में हुआ। यहां मेसर्स एंडिसन्स फार्मिक्स नामक दवा निर्माण इकाई में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और बिहार राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की। निरीक्षण में बिना वैध लाइसेंस के दो प्रकार की दवाओं का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया।

टीम ने मौके से कुल 18,140 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त कीं। इसके अलावा दवाओं की प्राथमिक और बाहरी पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई। दोनों प्रकार की दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। संबंधित इकाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन 18 जिलों में हुई छापेमारी

विभाग की टीमों ने पटना के अलावा सारण, रोहतास, पूर्णिया, बक्सर, सहरसा, नवादा, मुंगेर, गया, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, कैमूर, दरभंगा, सुपौल, जमुई, भागलपुर, पश्चिम चंपारण और औरंगाबाद में भी दवा प्रतिष्ठानों की जांच की।

औषधि महानियंत्रक नित्यानंद किसलय के अनुसार, जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से जवाब मांगा जा रहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दवा बिक्री का लाइसेंस रद्द करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री, दवाओं के दुरुपयोग और बिना लाइसेंस निर्माण के खिलाफ आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *