जीविका से जुड़ी 1.60 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर, 38 जिलों में खुलेंगे रूरल मार्ट और शी-मार्ट
पटना। बिहार में महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जीविका अभियान के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2006 से संचालित इस कार्यक्रम से अब तक करीब 1.60 करोड़ महिलाएं जुड़ चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को लगभग 78,800 करोड़ रुपये का बैंक ऋण और 15,000 करोड़ रुपये की सरकारी अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है।
जीविका समूहों को मिला 78,800 करोड़ का बैंक ऋण
बैठक में बताया गया कि जीविका से जुड़ी महिलाएं कृषि और पशुपालन के साथ कई तरह के सामूहिक उद्यम चला रही हैं। इनमें दीदी की रसोई, सिलाई केंद्र, अस्पतालों और छात्रावासों में हाउसकीपिंग तथा लॉन्ड्री जैसी गतिविधियां शामिल हैं। डॉ. प्रेम कुमार ने गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में संचालित दीदी की रसोई की सराहना की।
75 गांवों में जैविक खेती का प्रशिक्षण
जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सिक्किम की सरकारी संस्था के सहयोग से 75 गांवों के लगभग 3,000 किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, करीब 45 हजार किसानों के साथ प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने का काम चल रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने गया समेत अन्य क्षेत्रों में इस पहल का विस्तार करने और किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सभी 38 जिलों में खुलेंगे रूरल मार्ट और शी-मार्ट
महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में रूरल मार्ट और शी-मार्ट स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए सरकारी अनुदान और नाबार्ड का सहयोग लिया जा रहा है। पटना के मीठापुर में पांच मंजिला भवन में एक बड़े केंद्र की स्थापना का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा बोधगया और गया के पहाड़पुर पंचायत में प्रस्तावित मार्ट तथा बोधगया में जनता हाट खोलने पर भी चर्चा हुई।
1.69 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंची महिला रोजगार योजना की सहायता
बैठक में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 1.69 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता भेजी गई है। इस राशि से महिलाएं पशुपालन, सिलाई और छोटी दुकानें जैसे स्वरोजगार के कार्य शुरू कर रही हैं। इसके अलावा बिना गारंटर और प्रोसेसिंग शुल्क के 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
डॉ. प्रेम कुमार ने नवादा जिले के हिसुआ क्षेत्र की कमजोर वर्ग की महिलाओं को जीविका से जोड़ने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने जल्द गया जिले का दौरा कर जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद करने और योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने की बात कही।