अमेरिकी हमलों में भारतीय नाविकों की मौत पर सियासत तेज, राहुल गांधी ने पीएम की चुप्पी पर उठाए सवाल
अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
नई दिल्ली:
अमेरिकी सैन्य हमलों में भारतीय नाविकों की मौत को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में तीन दिनों के भीतर तीन जहाजों पर हमले में तीन भारतीयों की मौत हो गई, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से एक शब्द तक नहीं कहा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर भारतीय हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
कांग्रेस ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतक नाविकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दे, पार्थिव शरीरों की जल्द वापसी सुनिश्चित करे और इस मामले में कूटनीतिक स्तर पर सख्त कदम उठाए।
जानकारी के अनुसार, ओमान तट के पास हाल के दिनों में तीन अलग-अलग जहाजों—Marivex, Settebello और Jalveer—पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई हुई। इनमें से Settebello जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि अन्य मामलों में क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारत सरकार ने अमेरिका के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजनयिक को तलब कर इन हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है और समुद्री सुरक्षा पर चिंता जताई है।
गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब वैश्विक स्तर पर समुद्री क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में इस मुद्दे ने न केवल भारत-अमेरिका संबंधों को प्रभावित किया है, बल्कि देश के भीतर भी राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।