आदिवासी अधिकारों पर राहुल गांधी का हमला: BJP-RSS पर ‘जल, जंगल, जमीन’ छीनने का आरोप

नई दिल्ली :
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संगठनों की सोच “आदिवासी विरोधी” है और वे आदिवासी समुदायों को उनके मूल अधिकारों—जल, जंगल और जमीन—से वंचित करना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने यह बयान दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित ‘आदिवासी प्रोफेशनल्स कॉन्क्लेव 2026’ में भाग लेने के बाद दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को नमन करते हुए आदिवासी समाज की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

अपने संबोधन और सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी भारत के “मूल संरक्षक” हैं और देश की ऐतिहासिक चेतना व ज्ञान का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP-RSS आदिवासियों को “आदिवासी” के बजाय “वनवासी” कहकर उनकी पहचान और अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस के नेताओं द्वारा राहुल गांधी को पारंपरिक आदिवासी पगड़ी भी भेंट की गई। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करने को तैयार है।

राहुल गांधी के इस बयान से एक बार फिर केंद्र की राजनीति में आदिवासी अधिकारों और पहचान को लेकर बहस तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

(अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *