कटिहार में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष
बीजेपी नेता के भाई को घर के अंदर मारी गोली, हालत गंभीर

कटिहार, बिहार |
बिहार के कटिहार जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बीजेपी नेता ओम प्रकाश यादव के भाई विकास यादव को उनके ही घर के अंदर गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सहायक थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा मोहल्ले की है, जहां जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बुधवार को यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की नौबत आ गई।

आरोप है कि विकास यादव को उनके सगे भाई अखिलेश यादव के साले—बिट्टू और चिंटू—ने घर के अंदर गोली मार दी। गोली लगने के बाद विकास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है तथा मामले की गहन जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

(अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *