कारगिल विजय दिवस पर सेना का बड़ा ऐलान
‘रुद्र ब्रिगेड’ और ‘भैरव कमांडो’ से मजबूत होगी भारत की सैन्य ताकत
जम्मू/द्रास, ।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना ने अपनी युद्ध क्षमता को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ‘रुद्र’ नामक नई ऑल-आर्म्स ब्रिगेड और ‘भैरव’ लाइट कमांडो बटालियन के गठन की घोषणा की।
जनरल द्विवेदी ने द्रास में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारतीय सेना अब भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खुद को एक आधुनिक और बहुआयामी युद्धक शक्ति में बदल रही है। नई ‘रुद्र ब्रिगेड’ में पैदल सेना, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री, आर्मर्ड यूनिट, तोपखाना, स्पेशल फोर्स और ड्रोन जैसे सभी युद्धक घटकों को एकीकृत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नई संरचना से सेना को तेज प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और ज्यादा प्रभावी ऑपरेशन की क्षमता मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, दो मौजूदा ब्रिगेड को पहले ही ‘रुद्र’ संरचना में बदला जा चुका है।
इसके साथ ही ‘भैरव’ लाइट कमांडो बटालियन को सीमाओं पर तैनात किया जाएगा, जो दुश्मन पर अचानक और तेज कार्रवाई करने में सक्षम होगी।
सेना प्रमुख ने हाल के आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए कड़ा संदेश भी दिया कि भारत अब केवल शोक नहीं मनाता, बल्कि सटीक और निर्णायक जवाब देता है। उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता को चुनौती देने वालों को आगे भी मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
सेना का बदलता स्वरूप
नई ‘रुद्र ब्रिगेड’ और अन्य आधुनिक इकाइयों का गठन भारतीय सेना को टेक्नोलॉजी आधारित, तेज और भविष्य के युद्ध के लिए तैयार बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।