चमोली में टनल हादसा: मलबे और पानी के तेज बहाव से 6 मजदूरों की मौत, 14 घायल; 2 अब भी फंसे
चमोली/देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम एक निर्माणाधीन हाइड्रो पावर टनल में अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं। दो मजदूर अब भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। घटना के समय टनल में कुल 22 मजदूर मौजूद थे।
अचानक टनल में घुसा पानी और मलबा
हादसा चमोली जिले के मायापुर, पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी के हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन टनल में शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच हुआ। बताया गया कि अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा टनल के भीतर आ गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर रास्ते में फंस गए। टनल का निर्माण हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) कर रही है।
सेना और NDRF समेत कई एजेंसियां राहत-बचाव में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। NDRF, SDRF, सेना, ITBP, जिला प्रशासन, पुलिस और CISF की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी मशीनों की मदद से टनल से मलबा हटाने और पानी बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।
SDRF की टीमें पानी से भरे हिस्सों में पहुंचने के लिए अस्थायी ड्रम-बोट का भी इस्तेमाल कर रही हैं। बचाव दलों का मुख्य लक्ष्य टनल में फंसे दोनों मजदूरों तक जल्द से जल्द पहुंचना है।
14 घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल 14 मजदूरों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा। अन्य घायलों का इलाज गोपेश्वर में किया जा रहा है।
सीएम धामी ने लिया स्थिति का जायजा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि टनल में फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फोटो क्रेडिट: ANI