राष्ट्रपति मुर्मू ने किया अमृत उद्यान के समर एन्‍युअल्स संस्करण-2026 का शुभारंभ

16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुलेगा उद्यान, प्रवेश नि:शुल्क; ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन परिसर स्थित अमृत उद्यान के समर एन्‍युअल्स संस्करण-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने उद्यान का अवलोकन किया। अमृत उद्यान का यह विशेष संस्करण 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

करीब 15 एकड़ में फैला अमृत उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा। अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक होगा। रखरखाव के लिए प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा। आगंतुकों के लिए प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास गेट नंबर-35 से की गई है।

इस बार अमृत उद्यान में देशी और स्थानीय फूलों की प्रजातियां प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें बालसम/गुलमेहंदी, अपराजिता, रुक्मिणी, बरसा फूल, लाल साग और नागफना सहित कई स्वदेशी पुष्प शामिल हैं। इन पौधों के माध्यम से देश की समृद्ध पुष्प विरासत और जैव विविधता को प्रदर्शित किया गया है।

नि:शुल्क प्रवेश के बावजूद ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। किसी विशेष दिन के लिए ऑनलाइन बुकिंग पिछले दिन सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी और मौके पर टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान परिसर में पेयजल केंद्र, प्राथमिक उपचार केंद्र, वर्षा से बचाव के लिए शेल्टर और शौचालय की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर संचालित होगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस और शिक्षक दिवस के अवसर पर क्रमशः 29 अगस्त को खिलाड़ियों तथा 5 सितंबर को शिक्षकों के लिए विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है।

राष्ट्रपति भवन परिसर का अमृत उद्यान देश के प्रमुख उद्यानों में शामिल है और हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटकों एवं आम नागरिकों को आकर्षित करता है। इस वर्ष स्वदेशी एवं स्थानीय पुष्प प्रजातियों पर विशेष जोर उद्यान को प्रकृति, भारतीय विरासत और जैव विविधता के अनूठे संगम के रूप में प्रस्तुत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *