चौसा थर्मल पावर प्लांट की दूसरी यूनिट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, बिहार को मिलेगी 1320 मेगावाट बिजली की ताकत

बक्सर/वैशाली। बिहार की ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से बक्सर जिले के चौसा स्थित थर्मल पावर प्लांट की दूसरी इकाई का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। 660 मेगावाट क्षमता वाली इस इकाई के शुरू होने के साथ ही पूरे बिजली संयंत्र की उत्पादन क्षमता बढ़कर 1320 मेगावाट हो गई है।

एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित इस परियोजना से बिहार की बिजली जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। परियोजना की कुल संशोधित लागत 14,269.40 करोड़ रुपये है, जबकि दूसरी इकाई के निर्माण पर 7,221.09 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मार्च 2019 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। इसके बाद 22 अगस्त 2025 को पहली इकाई का उद्घाटन किया गया था। अब दूसरी इकाई के उद्घाटन के साथ परियोजना अपनी निर्धारित उत्पादन क्षमता तक पहुंच गई है।

इस बिजली संयंत्र में अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक और आधुनिक उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। इससे बेहतर ऊर्जा दक्षता के साथ पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 9,828.72 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है।

इस परियोजना की सबसे अहम बात यह है कि उत्पादित बिजली का 85 प्रतिशत हिस्सा बिहार को मिलेगा। इससे राज्य में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी और खासकर अधिक मांग वाले समय में बिजली की कमी को दूर करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, पूर्वी भारत की ऊर्जा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निर्माण के दौरान करीब 65 हजार श्रमिकों को अलग-अलग चरणों में रोजगार मिला। परियोजना के पूरी क्षमता से संचालित होने के बाद स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *