पीएम मोदी ने किया नीतीश सेतु का उद्घाटन, गमछा लहराकर किया जनता का अभिवादन

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल राष्ट्र को समर्पित, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रहे मौजूद; कार्यक्रम में नहीं पहुंचे तेजस्वी यादव

वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार दौरे के दौरान गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने पुल पर कुछ देर पैदल चलकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे।

करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसकी कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर मुख्य पुल और 10 किलोमीटर संपर्क सड़क शामिल है। पुल के पूरी तरह चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।

राघोपुर के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

यह पुल विशेष रूप से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। पहले यहां के लोगों को पटना आने-जाने के लिए नाव और पीपा पुल पर निर्भर रहना पड़ता था। बाढ़ के दौरान आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अब बारहों महीने सड़क संपर्क उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।

तेजस्वी यादव को मिला था निमंत्रण, कार्यक्रम से रहे दूर

राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था। हालांकि, वह उद्घाटन समारोह और जनसभा में शामिल नहीं हुए। पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को लेकर तेजस्वी यादव पहले ही आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की थी।

34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा से उन्होंने बिहार को 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें सड़क, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और जल संसाधन से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास शामिल रहा।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार में आधारभूत संरचना के विस्तार और उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच बेहतर संपर्क व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *