छठ पूजा पर काली पहाड़ी के नीचे नहर घाट पर 24 घंटे गूंजेगा अखंड रामधुन संकीर्तन, आठ कीर्तन मंडलियां लेंगी भाग
जमालपुर। छठ पूजा के अवसर पर स्थानीय काली पहाड़ी के नीचे स्थित नहर छठ घाट के समीप 24 घंटे के अखंड रामधुन संकीर्तन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए छठ पूजा रामधुनी यज्ञ समिति के सदस्यों ने प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान नया गांव, ठाकुरबाड़ी रोड, बड्डीपाड़ा, मुंगरौड़ा, सिकंदरपुर, टेढ़ी गली, बजरंगबली चौक और ईस्ट कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में लोगों से संपर्क कर तन-मन-धन से सहयोग करने और रामधुन संकीर्तन यज्ञ में शामिल होने की अपील की गई।
समिति के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से 24 घंटे का अखंड रामधुन संकीर्तन यज्ञ प्रारंभ होगा, जिसकी पूर्णाहुति 16 नवंबर को सुबह 10 बजे होगी। आयोजन में आठ कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी। इसके साथ ही भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, बजरंगबली हनुमान और भगवान शिव-पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। इस अवसर पर भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 से लगातार काली पहाड़ी के नीचे स्थित छठ घाट पर अखंड रामधुन संकीर्तन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार कार्यक्रम को धूमधाम से आयोजित करने की तैयारी है। समिति का मानना है कि छठ महापर्व के दौरान इस तरह के आध्यात्मिक आयोजनों से व्रतियों और श्रद्धालुओं को सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है।
जनसंपर्क अभियान में अध्यक्ष राजन कुमार चौरसिया, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, संयुक्त मंत्री विशाल कुमार, कोषाध्यक्ष गोपाल चंद्र, प्रमोद कुमार, ब्रह्मदेव यादव, अमरनाथ, आशीष कुमार अधिवक्ता, करण मंडल, शिवम गुप्ता, देवराज, बच्चू शर्मा, अनुराग राणा, विक्की कुमार, नीतीश राज, कुणाल कुमार, शिव शर्मा, नीरज, सूरज, राजकुमार, गोलू, गुड्डू, कन्हैया, आयुष, रोहित, राजीव, आदित्य और आकाश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।