“छात्रों को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई?”—जंतर-मंतर प्रदर्शन पर राहुल गांधी का विश्वविद्यालयों पर हमला

नई दिल्ली, संवाददाता:
जंतर-मंतर पर चल रहे CJP आंदोलन के बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विश्वविद्यालयों द्वारा जारी एडवाइजरी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थानों पर छात्रों को “धमकाने” का आरोप लगाया और कहा कि यह उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय की एडवाइजरी साझा करते हुए कहा, “छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग करने पर धमकाने की हिम्मत कैसे हुई?” उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा।

दरअसल, दिल्ली विश्वविद्यालय ने छात्रों और शिक्षकों को जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह दी थी। एडवाइजरी में कहा गया था कि ऐसे प्रदर्शनों में शामिल होने से कानूनी कार्रवाई हो सकती है और यह छात्रों के करियर को प्रभावित कर सकता है।

इसी तरह जेएनयू सहित अन्य शिक्षण संस्थानों ने भी छात्रों को प्रदर्शन से दूर रहने की चेतावनी दी है, जिससे छात्र राजनीति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई है।

गौरतलब है कि नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन तेज हो रहा है। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *