डेब्यू पर चमके सुथार, अफगानिस्तान 113/5 पर ढेर होने की कगार पर

 अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

मुल्लांपुर, पंजाब। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने दूसरे दिन पूरी तरह से मुकाबले पर अपना शिकंजा कस लिया। युवा स्पिनर मनव सुथार ने अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जिससे अफगानिस्तान की टीम 113/5 के स्कोर पर संघर्ष करती नजर आई।

भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 पर घोषित की, जिसके बाद अफगानिस्तान की टीम 451 रनों से पीछे रह गई। भारतीय बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) ने शतकीय पारियां खेलीं, जबकि ऋषभ पंत (81) और वाशिंगटन सुंदर (52*) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को बल्लेबाजी में मजबूती नहीं मिल सकी।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्दी ही दबाव बना लिया। डेब्यू कर रहे मनव सुथार ने अपने पहले ही ओवर में विकेट लेकर शानदार शुरुआत की और बाद में रहमानुल्लाह गुरबाज व अफसर जजई को आउट कर कुल तीन विकेट अपने नाम किए।

तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी दो अहम विकेट लेकर टीम को मजबूती दी। अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह 43 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम की उम्मीदें उन्हीं पर टिकी हैं।

मैच की स्थिति को देखते हुए भारत पूरी तरह से मजबूत स्थिति में है और तीसरे दिन जल्द ही शेष विकेट लेकर बड़ी जीत की ओर बढ़ना चाहेगा। वहीं, अफगानिस्तान के सामने फॉलो-ऑन से बचना भी बड़ी चुनौती बन गया है।

संक्षिप्त स्कोर:
भारत – 564/8 घोषित
अफगानिस्तान – 113/5 (39.5 ओवर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *