नॉर्वे चेस जीत पर प्रज्ञानानंदा का सम्मान, तमिलनाडु सीएम विजय ने खेली शतरंज और दिए 50 लाख रुपये
अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
चेन्नई। नॉर्वे चेस 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की और उनके साथ शतरंज का एक मैत्रीपूर्ण मुकाबला भी खेला।
यह सम्मान समारोह चेन्नई स्थित सचिवालय में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री विजय ने प्रज्ञानानंदा की उपलब्धि को देश और राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया। प्रज्ञानानंदा ने हाल ही में नॉर्वे चेस टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रचा है और वह यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
अपने शानदार प्रदर्शन के दौरान प्रज्ञानानंदा ने विश्व नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को भी हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस जीत को भारतीय शतरंज के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और प्रज्ञानानंदा के बीच शतरंज की बाजी भी खेली गई, जिसने इस कार्यक्रम को खास बना दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे युवा प्रतिभा के सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक बताया।
20 वर्षीय प्रज्ञानानंदा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है और भारतीय शतरंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।