राघोपुर नाव हादसे में 13 की मौत, 6 लोगों को बचाया गया; तेजस्वी यादव पहुंचे घटनास्थल
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मृतकों में अधिकतर बच्चे शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद गांव के लोग गंगा नदी के दूसरी ओर आयोजित भोज में शामिल होने के लिए नाव से जा रहे थे। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे नाव बीच धारा में पलट गई। नाव पर 20 से अधिक लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
नाव पलटते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया। बाद में प्रशासन की टीमों ने भी मोर्चा संभाल लिया।
13 लोगों की मौत, छह को बचाया गया
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। मृतकों में 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी शामिल हैं। बचाए गए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजा गया। स्थानीय पुलिस और आपदा राहत दल की मदद से तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया गया।
चिराग पासवान ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना के एनएमसीएच पहुंचकर हादसे में घायल बच्चों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए राघोपुर जाने की भी बात कही।
तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे
राघोपुर के विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। हादसे को लेकर उन्होंने सरकार और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं।
पीएम मोदी ने सहायता राशि का किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
हादसे के बाद रात में नाव परिचालन और नदी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने घटना की जांच और राहत-बचाव कार्य जारी रखा है।