नवरात्रि उत्सव में रावण दहन से गूंजा एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल।

सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में नवरात्रि उत्सव पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में माँ जगदंबा के नौ स्वरूपों के साथ राम-सीता-लक्ष्मण, राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं के रूप में सजे प्राइमरी कक्षा के छात्र आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

उत्सव के दौरान छात्राओं के लिए डांडिया कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। छात्राओं की उल्लासपूर्ण प्रस्तुति से विद्यालय परिसर में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। वहीं, सेकेंडरी कक्षा के छात्रों द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम पूरे समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले तैयार किए।

विभिन्न सामाजिक कुरीतियों और वैश्विक चुनौतियों के प्रतीक इन पुतलों का दहन कर विद्यार्थियों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता एवं निदेशिका अल्पना मेहता ने किया। सभी को नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए महादेव मेहता ने कहा कि मां की शक्ति हम सभी के भीतर विद्यमान है और हमें उसे जागृत करने का प्रयास करना चाहिए।

निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि मां दुर्गा से प्रेरणा लेते हुए सभी बेटियों को समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराना चाहिए। विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि बच्चों में सदाचरण और संस्कारों के विकास के लिए विद्यालय परिवार प्रतिबद्ध है।

अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि देवी की आराधना के साथ-साथ उनके गुणों को अपने जीवन में आदर्श बनाकर उनका अनुसरण करना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम की सफलता में मनीषा झा, काजल राउत, मौली मोदक, जूली मिश्रा, गौरव कुमार, रंजीत लामा, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *