दिग्गज फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर

CBFC के पूर्व अध्यक्ष रहे निहलानी लंबे समय से थे अस्वस्थ, कई चर्चित फिल्मों का किया निर्माण

मुंबई | 
हिंदी फिल्म उद्योग के जाने-माने निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लीवर से जुड़ी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

पहलाज निहलानी बॉलीवुड के उन निर्माताओं में शुमार थे जिन्होंने व्यावसायिक सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने आंखें, अंदाज़, तलाश, जूली 2 और रंगीला राजा जैसी कई फिल्मों का निर्माण किया, जो अपने समय में चर्चा का केंद्र रहीं।

वर्ष 2015 से 2017 तक वह CBFC के अध्यक्ष पद पर भी रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने फिल्मों में सर्टिफिकेशन और सेंसरशिप को लेकर कई सख्त और विवादित फैसले लिए, जिसके कारण वह अक्सर सुर्खियों में बने रहे।

उनके निधन पर फिल्म उद्योग की कई बड़ी हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसकों और सहयोगियों ने उनके योगदान को याद करते हुए शोक संदेश साझा किए।

पहलाज निहलानी का फिल्म उद्योग में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके जाने से बॉलीवुड ने एक अनुभवी निर्माता और प्रभावशाली व्यक्तित्व को खो दिया है।

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC, TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *