नेपाल चुनाव में बड़ा उलटफेर: बालेन शाह की पार्टी को प्रचंड बढ़त, ऐतिहासिक जीत की ओर RSP
काठमांडू। नेपाल के आम चुनावों की मतगणना के बीच बड़ा राजनीतिक बदलाव सामने आता दिख रहा है। पूर्व काठमांडू मेयर बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) को भारी बढ़त मिलती दिख रही है और पार्टी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। शुरुआती रुझानों में RSP कई सीटों पर आगे चल रही है, जिससे नेपाल की पारंपरिक राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मतगणना के शुरुआती चरण में RSP 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि अन्य प्रमुख दल काफी पीछे हैं। यदि यह बढ़त बरकरार रहती है तो बालेन शाह नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
नेपाल में यह चुनाव पिछले वर्ष हुए युवा नेतृत्व वाले जनआंदोलन के बाद आयोजित हुआ है, जिसमें भ्रष्टाचार और शासन व्यवस्था के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। उसी आंदोलन के बाद देश की राजनीतिक स्थिति बदली और नए नेतृत्व की मांग तेज हो गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि युवाओं के बीच लोकप्रिय बालेन शाह ने भ्रष्टाचार विरोधी एजेंडा और सुधारवादी राजनीति के दम पर बड़ी जनसमर्थन हासिल किया है। उनके नेतृत्व में RSP ने पारंपरिक दलों—नेपाली कांग्रेस और केपी शर्मा ओली की पार्टी—को कड़ी चुनौती दी है।
मतगणना पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम घोषित होंगे, लेकिन मौजूदा रुझान नेपाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत का संकेत दे रहे हैं।