पटना में गंगा नदी में बड़ा हादसा: 14 सवारों की नाव पलटी, 3 की मौत, 4 अब भी लापता

पटना, संवाददाता:
बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार सुबह गंगा नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब 14 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ गंगा घाट के पास हुई। नाव में सवार लोग दियारा क्षेत्र से सब्जी लेकर लौट रहे थे, तभी तेज हवा और असंतुलन के कारण नाव बीच नदी में पलट गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अन्य नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन द्वारा SDRF टीम को मौके पर भेजा गया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

मृतकों की पहचान लीला देवी (40), काशी कुमार (15) और श्रवण महतो (36) के रूप में हुई है। सभी यात्री एक ही इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, तेज हवा इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *