पूर्णिया में तेंदुए का आतंक खत्म: हमले से डरे ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला, तीन लोग घायल
पूर्णिया, संवाददाता:
बिहार के पूर्णिया जिले में पिछले तीन दिनों से आतंक मचा रहे तेंदुए को आखिरकार ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला। इस घटना के बाद इलाके में फैली दहशत कुछ हद तक कम हुई है, हालांकि पूरे मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना टीकापट्टी थाना क्षेत्र के धूसर पंचायत स्थित चकला बहियार गांव की है, जहां एक तेंदुआ लगातार गांव में घूम रहा था और लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ था।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए ने खेतों में घुसकर दो गाय के बछड़ों और एक बकरे को अपना शिकार बनाया था, जिससे लोगों में डर और बढ़ गया। बुधवार को जब तेंदुए ने कुछ लोगों पर हमला कर दिया, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
घेराबंदी कर किया गया अंत
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से घेराबंदी कर काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को मार गिराया। इस दौरान तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल भी हो गए, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पहले ही दी गई थी, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें खुद कदम उठाना पड़ा।
जांच में जुटा प्रशासन
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, वन विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Report by – Anirudh Narayan ( Intern) BAJMC