पटना में राजा बाजार पिलर नंबर 18 सरेराह 55 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या, ड्यूटी से घर लौट रही थीं उर्मिला देवी; इलाके में सनसनी

पटना। राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के राजा बाजार में दीपा रानी क्लिनिक के पास गुरुवार शाम 55 वर्षीय महिला उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं उर्मिला देवी

जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी मूल रूप से पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह राजा बाजार स्थित दीपा रानी क्लिनिक में सफाईकर्मी के रूप में काम करती थीं। गुरुवार शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थीं। इसी दौरान पिलर नंबर 18 के आसपास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।

गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल उर्मिला देवी की हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। दिनदहाड़े व्यस्त राजा बाजार इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *