बाढ़ राहत के दौरान लोगों पर पिस्टल तानना पड़ा भारी, मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह निलंबित

छपरा/सारण: बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान आम लोगों पर सरकारी पिस्टल लहराने के मामले में सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बताया गया कि बाढ़ प्रभावित इलाके में राहत सामग्री वितरण के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के क्रम में थानाध्यक्ष ने अपनी सरकारी पिस्टल निकालकर लोगों की ओर प्रदर्शित की। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है।

मामले की जांच जारी

एसएसपी ने कहा कि वायरल वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राहत वितरण जैसे संवेदनशील मौके पर पुलिसकर्मियों से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा रहती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *