बिहार में NDA की बड़ी बैठक 9 अक्टूबर को, सम्राट चौधरी ने सभी विधायक, MLC और सांसदों को पटना बुलाया

पटना: बिहार में आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 9 अक्टूबर को NDA के सभी विधायकों, विधान पार्षदों और सांसदों की अहम बैठक पटना में बुलाई है। बैठक में गठबंधन की चुनावी रणनीति और आपसी समन्वय पर चर्चा होने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर NDA के सामने कई चुनौतियां हैं। इन चुनावों में गठबंधन के भीतर से भी कुछ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के अलग रुख अपनाने की खबरों ने नेतृत्व की चिंता बढ़ाई है। चुनाव 23 अक्टूबर को होना है और कुल 164 उम्मीदवार मैदान में हैं।

बागियों से निपटने और एकजुटता पर जोर

NDA के सामने सबसे बड़ी चुनौती गठबंधन में संभावित बगावत और भीतरघात की है। पटना स्नातक सीट पर जेडीयू विधायक अनंत सिंह द्वारा जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन किए जाने से गठबंधन के भीतर खींचतान सामने आई है। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कुछ विधायकों के भी अलग उम्मीदवार के समर्थन में जाने की चर्चा है।

ऐसे में 9 अक्टूबर की बैठक को NDA की एकजुटता और चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गठबंधन के शीर्ष नेता सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट रखने और पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी ताकत लगाने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

इससे पहले भी NDA के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक में विधान परिषद चुनाव के लिए साझा रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया था।

बिहार में MLC चुनाव से पहले 9 अक्टूबर की NDA बैठक पर राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *