बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: राजस्व विभाग के 270 अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में बदले CO
पटना, (अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न):
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 270 अधिकारियों के तबादले और नए पदस्थापन की सूची जारी कर दी है। इस व्यापक बदलाव में अंचल अधिकारी (CO) समेत कई राजस्व पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार यह तबादले 30 जून 2026 को प्रभावी किए गए हैं और सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को मजबूत करना और राजस्व से जुड़े कार्यों में तेजी लाना बताया गया है।
राज्य के बेगूसराय, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, रोहतास, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार, सीवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, पटना और बांका सहित कई जिलों में अंचल अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव किया गया है।
तबादला सूची में कई प्रमुख अधिकारियों के नाम शामिल हैं। उदाहरण के तौर पर सुशांत शेखर मिश्रा को मुंगेर के धरहरा से बक्सर के नावानगर, नरेंद्र कुमार सिंह को पटना के बाढ़ से बक्सर के राजपुर, तथा अनुज कुमार झा को भागलपुर के सुल्तानगंज से बांका के धोरैया भेजा गया है। इसके अलावा अलका आर्या, उत्पल हिमवान, नेहा कुमारी और दीपक कुमार समेत कई अन्य अधिकारियों को भी नए स्थानों पर तैनात किया गया है।
सरकार के इस कदम को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभिन्न जिलों में राजस्व कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव से जमीन, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व संबंधित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।