महंगाई, NEET और CBSE मुद्दों पर कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने महंगाई, NEET पेपर लीक और CBSE से जुड़े विवादों को लेकर देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन जून के अंत से शुरू होगा और अगले दो से तीन महीनों तक जारी रह सकता है।
किन मुद्दों पर होगा आंदोलन?
कांग्रेस ने जिन प्रमुख मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है, उनमें बढ़ती महंगाई, NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और CBSE से जुड़े विवाद शामिल हैं। पार्टी का कहना है कि इन घटनाओं ने छात्रों और आम जनता के बीच विश्वास को कमजोर किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश इस समय महंगाई, बेरोजगारी और परीक्षा घोटालों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
लोकतंत्र पर भी उठाए सवाल
बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने का मुद्दा भी उठा। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर उठाएगी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मध्य प्रदेश और झारखंड की घटनाओं का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए और इसे लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता का विषय बताया।
बड़े नेताओं की बैठक में बनी रणनीति
इस महत्वपूर्ण बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संगठन स्तर पर आंदोलन को मजबूत बनाने और देशभर में विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई।
सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी
कांग्रेस का यह आंदोलन ऐसे समय में सामने आया है जब देशभर में NEET और अन्य परीक्षाओं को लेकर छात्रों का विरोध बढ़ रहा है। पार्टी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी और इसे बड़ा जन आंदोलन बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।