मुजफ्फरपुर अस्पताल में भीषण अग्निकांड: ICU में लगी आग, 3 मरीजों की मौत, कई गंभीर

मुजफ्फरपुर (बिहार):
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से कम से कम तीन मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसाद अस्पताल में हुआ, जहां आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 3:55 बजे अस्पताल के पांचवें तल पर स्थित आईसीयू में लगी। घटना के समय आईसीयू में करीब 13 से 15 मरीज भर्ती थे। आग तेजी से फैलने के कारण पूरा वार्ड धुएं से भर गया, जिससे मरीजों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।

दमकल विभाग को सूचना मिलते ही कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान करीब 15-20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *