राष्ट्रपति भवन में सम्मान का महोत्सव: 65 विभूतियों को मिला पद्म सम्मान
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नई दिल्ली:
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों से मंगलवार को 65 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में इन विभूतियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से अलंकृत किया।
समारोह में कला, साहित्य, विज्ञान, खेल, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कुल 65 पुरस्कारों में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्म श्री शामिल रहे।
इस अवसर पर देश की जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं। प्रमुख सम्मानित व्यक्तियों में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी जैसे नाम शामिल रहे, जिन्हें उनके-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान दिया गया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह आयोजन भारत सरकार द्वारा देश के उन व्यक्तियों को सम्मानित करने की परंपरा का हिस्सा है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी है।
पद्म पुरस्कार हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाते हैं और बाद में राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक समारोह में प्रदान किए जाते हैं। यह सम्मान देश में नागरिक उपलब्धियों के सर्वोच्च प्रतीकों में से एक माना जाता है, जो विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण सेवा और योगदान को पहचान देता है।