व्हाट्सऐप पर अब बिना नंबर शेयर किए होगी चैट, ‘यूजरनेम’ फीचर जल्द अभी करें अपना नाम रिजर्व
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नई दिल्ली। लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप ने अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की घोषणा की है। कंपनी जल्द ही ‘यूजरनेम’ फीचर शुरू करने जा रही है, जिसके जरिए अब लोगों से बातचीत करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी नहीं होगा। फिलहाल इस फीचर के लॉन्च से पहले यूजरनेम रिजर्व करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
व्हाट्सऐप के इस नए फीचर का मुख्य उद्देश्य यूजर्स की गोपनीयता को और मजबूत करना है। अब यूजर्स किसी नए व्यक्ति, क्लासमेट या ग्रुप से जुड़ते समय अपना निजी फोन नंबर देने से बच सकेंगे और उसकी जगह एक यूनिक यूजरनेम साझा कर सकेंगे।
कंपनी ने साफ किया है कि यह बदलाव सोशल मीडिया की तरह सार्वजनिक प्रोफाइल बनाने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित और नियंत्रित बातचीत के लिए लाया जा रहा है। खास बात यह है कि यूजरनेम के लिए कोई पब्लिक डायरेक्टरी नहीं होगी और न ही ऐप किसी को यूजरनेम सजेस्ट करेगा। किसी से चैट शुरू करने के लिए उसका सटीक यूजरनेम जानना जरूरी होगा।
इस फीचर के साथ एक अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प ‘यूजरनेम की’ भी दिया जाएगा, जिसके जरिए यूजर्स तय कर सकेंगे कि कौन उन्हें मैसेज कर सकता है। यह की समय-समय पर बदली भी जा सकेगी, जिससे सुरक्षा और मजबूत होगी।
व्हाट्सऐप ने यह भी बताया है कि बिजनेस, क्रिएटर्स और संगठनों को अपने इंस्टाग्राम या फेसबुक के समान यूजरनेम क्लेम करने का विकल्प मिलेगा, जबकि मशहूर हस्तियों के नाम पहले से रिजर्व किए जाएंगे ताकि फर्जीवाड़े से बचा जा सके।
नए यूजरनेम 3 से 35 अक्षरों तक के हो सकते हैं और इन्हें कभी भी बदला या हटाया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा चैट और संपर्कों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा और सभी पुराने फीचर्स पहले की तरह काम करते रहेंगे।
व्हाट्सऐप इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से आने वाले महीनों में जारी करेगा। जैसे ही यह सुविधा किसी क्षेत्र में उपलब्ध होगी, यूजर्स को ऐप के भीतर नोटिफिकेशन के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी।