सुल्तानगंज स्टेशन पर 32 किलो गांजा बरामद, भाई-बहन गिरफ्तार; दिल्ली भेजने की थी तैयारी

16 लाख रुपये आंकी गई खेप की कीमत, गिरफ्तार महिला पहले भी तस्करी के मामले में काट चुकी है पांच साल की सजा

भागलपुर। बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर 32 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 9 हजार 500 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप को विक्रमशिला एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली के आनंद विहार ले जाने की तैयारी थी।

जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी), जमालपुर को स्टेशन पर गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर निगरानी शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या दो के पास संदिग्धों को रोककर जांच की गई। इस दौरान आठ बैगों से गांजा बरामद हुआ।

पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे थे पैकेट

तस्करों ने गांजे को पुराने कपड़ों के बीच पॉलीथिन में लपेटकर बैगों में छिपा रखा था। जांच में महिला के चार बैगों से 17 किलो 200 ग्राम और पुरुष के चार बैगों से 14 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद किया गया। कुल जब्त गांजे का वजन 32 किलो 190 ग्राम पाया गया।

नवगछिया की महिला, पूर्णिया का रहने वाला भाई

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवगछिया के गोपालपुर निवासी रेणु देवी और उसके भाई रंजीत कुमार के रूप में हुई है। रंजीत पूर्णिया जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जांच एजेंसियों के अनुसार, रेणु देवी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह इससे पहले गांजा तस्करी के मामले में पांच साल की सजा काट चुकी है।

दो अन्य आरोपी भी फरार

कार्रवाई के दौरान तस्करी में शामिल दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जो भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी पहचान रंजीत की पत्नी मनीषा देवी और रेणु देवी के पुत्र जज कुमार के रूप में बताई गई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

सीआईबी की टीम ने जब्त गांजे और गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी भागलपुर को सौंप दिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और दिल्ली में इसे किसे पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *