14 साल बाद पासपोर्ट हुआ महंगा: 1 जुलाई से नया शुल्क लागू, सामान्य ₹2500 और तत्काल ₹5000

नई दिल्ली, संवाददाता।
केंद्र सरकार ने करीब 14 वर्षों के बाद पासपोर्ट शुल्क में बड़ा बदलाव करते हुए नई दरों की घोषणा कर दी है। संशोधित शुल्क संरचना 1 जुलाई 2026 से लागू होगी, जिसके तहत अब आम नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए शुल्क ₹1500 से बढ़ाकर ₹2500 कर दिया गया है। वहीं, तत्काल (Tatkal) सेवा के तहत यही पासपोर्ट अब ₹5000 में बनेगा, जो पहले ₹3500 था।

इसके अलावा 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाई गई है। सामान्य श्रेणी में इसकी कीमत ₹2000 से बढ़ाकर ₹3500 कर दी गई है, जबकि तत्काल सेवा में यह ₹6000 तक पहुंच गई है।

खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के पुनः जारी कराने पर भी अब अधिक शुल्क देना होगा। 36 पेज के पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क ₹5000 और तत्काल में ₹7500 निर्धारित किया गया है। वहीं 60 पेज के लिए यह शुल्क क्रमशः ₹6000 और ₹8500 तक पहुंच गया है।

नाबालिग आवेदकों के लिए भी शुल्क में संशोधन किया गया है। 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए सामान्य पासपोर्ट ₹1750 और तत्काल सेवा ₹4250 में उपलब्ध होगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह संशोधन पासपोर्ट नियम, 1980 में बदलाव के तहत किया गया है और नई फीस सभी प्रकार के पासपोर्ट आवेदन पर लागू होगी। सरकार का कहना है कि सेवाओं की लागत और संरचना को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *