20 साल पुराने पवनराजे निंबालकर हत्याकांड में पूर्व मंत्री पद्मसिंह पाटिल समेत 8 आरोपी बरी

मुंबई: महाराष्ट्र के चर्चित और लगभग दो दशक पुराने पवनराजे निंबालकर हत्याकांड में विशेष सीबीआई अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व मंत्री पद्मसिंह पाटिल समेत आठ आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। विशेष सीबीआई न्यायाधीश सत्यनारायण नवंदर ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ साजिश की पूरी कड़ी और अपराध में उनकी संलिप्तता को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा।

यह मामला वर्ष 2006 में कांग्रेस नेता पवनराजे निंबालकर और उनके चालक की हत्या से जुड़ा था। सीबीआई जांच के दौरान पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री पद्मसिंह पाटिल को मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई करीब 20 वर्षों तक चली, जिसमें 128 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद शनिवार को अदालत ने सबूतों की कमी और साजिश की कड़ी साबित न होने के आधार पर सभी आरोपियों को बरी कर दिया।

अदालत के फैसले के बाद यह मामला एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है। पवनराजे निंबालकर हत्याकांड महाराष्ट्र की राजनीति और न्यायिक व्यवस्था में लंबे समय तक चर्चा का विषय रहा था। फैसले के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं

Anirudh Narayan
Intern,TWMNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *