बिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की बड़ी रेड, 31.42 लाख कैश और 3.28 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा
पटना/सहरसा। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पथ निर्माण विभाग के सहरसा अंचल में तैनात अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बुधवार को पटना, सहरसा और औरंगाबाद में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 31.42 लाख रुपये नकद, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
गोला रोड स्थित आवास से मिले 31 लाख रुपये नकद
SVU की टीम को दानापुर के गोला रोड स्थित आवास से 31 लाख 42 हजार रुपये नकद मिले। इसके अलावा करीब 23.23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। जांच एजेंसी को अधिकारी और उनकी पत्नी के नाम पर बैंक खातों तथा सावधि जमा (FD) में करीब 1.29 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी मिली है।
पटना में मकान, फ्लैट और भूखंड का पता चला
जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर पटना के महेश नगर स्थित प्रेम रेजिडेंसी में एक फ्लैट, गोला रोड और दानापुर इलाके में भूखंड तथा दो बहुमंजिला मकानों की जानकारी सामने आई है। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 3.08 करोड़ रुपये बताया गया है।
इसके अलावा अधिकारी के नाम पर स्कॉर्पियो और आई-10 कार भी पंजीकृत मिली हैं। विभिन्न बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।
ज्ञात आय से 139 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप
SVU के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, विजय कुमार के पास उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 3.28 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति होने का मामला सामने आया है। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 139.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पांच ठिकानों पर एक साथ हुई कार्रवाई
विशेष निगरानी इकाई ने पटना के पाटलिपुत्र स्थित महेश नगर, दानापुर के गोला रोड, सहरसा स्थित सरकारी कार्यालय और आवास तथा औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित पैतृक आवास पर तलाशी ली। जांच टीम बैंक खातों में हुए लेन-देन, संपत्ति के दस्तावेज और निवेश के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।
विजय कुमार ने 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में योगदान दिया था। वह पटना, गया और सहरसा समेत विभिन्न स्थानों पर पदस्थापित रह चुके हैं। फिलहाल जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर रही है।