पटना में कांग्रेस-बीजेपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, पीएम मोदी व उनकी माता पर टिप्पणी को लेकर बवाल
पटना।
बिहार विधानसभा चुनावी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को राजधानी पटना में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई। यह विवाद उस वक्त भड़क गया जब राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस टिप्पणी के खिलाफ पटना में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और हाथापाई तक की नौबत आ गई। दोनों पक्षों की झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें कार्यकर्ता झंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते दिखे।
गौरतलब है कि दरभंगा में आयोजित कांग्रेस की सभा में एक युवक ने मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी की थी। युवक को कांग्रेस का झंडा लहराते हुए गाली-गलौज करते देखा गया था। मामले के बाद भाजपा ने न सिर्फ कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की बल्कि राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ भी पटना में केस दर्ज कराया।
दरभंगा पुलिस ने इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया—“सिमरी थाना कांड में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।”
घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह राष्ट्र की लोकतांत्रिक मर्यादा पर धब्बा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने ‘सबसे निचले स्तर’ पर पहुंच चुकी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि “पीएम मोदी और उनकी माता को लेकर की गई अभद्रता मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुकी है।”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी घटना को “पूरी तरह अनुचित” बताते हुए कांग्रेस और राजद मंच से दिए गए बयानों की आलोचना की।
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है।