‘वोट चोरी’ के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन बनाएंगे बिहार की यात्रा: राहुल गांधी

आरा/पटना, 30 अगस्त
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरा में जनसभा को संबोधित करते हुए घोषणा की कि बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ अब पूरे देश में फैलेगी और इसे एक बड़े आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा के लिए होगा।

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम संविधान और लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है। हाथ में संविधान की प्रति लहराते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार लोगों के वोट चुराकर चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इसे कभी सफल नहीं होने देगी।”

कांग्रेस सांसद ने भाजपा, आरएसएस और चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में जनता के अधिकारों को छीना गया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में ऐसी कोशिशों को नाकाम किया जाएगा।

17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा अब तक बिहार के 25 जिलों को कवर कर चुकी है और 1 सितंबर को पटना में विशाल रैली के साथ समाप्त होगी। शनिवार को आरा में यात्रा का तीसरा चरण पूरा हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

सभा में राजद नेता तेजस्वी यादव, सीपीआई-एमएल के दीपंकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने इस साझा भागीदारी को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई का संकेत बताया।

इधर, भाजपा ने दरभंगा की एक घटना का हवाला देते हुए पटना में ‘मौन धरना’ आयोजित किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *