तेजस्वी की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की मतदाता अधिकार यात्रा शनिवार को जनसमर्थन के अभूतपूर्व नज़ारे के साथ आगे बढ़ी। लाखों की भीड़ और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी ने इस यात्रा को और ताक़तवर बना दिया। तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की जनता अब अपने वोट के महत्व को समझ चुकी है और किसी भी कीमत पर ‘वोट चोरी’ बर्दाश्त नहीं करेगी।
अखिलेश की मौजूदगी से बढ़ा भरोसा
सभा में पहुंचे अखिलेश यादव का ज़िक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा, “जब साथ देने वाले सच्चे साथी हों, तो लड़ाई और मज़बूत होती है। अखिलेश जी के समर्थन ने हमें नई ऊर्जा दी है।” उन्होंने बीजेपी पर सीधा वार करते हुए कहा कि अब देश के बच्चे-बच्चे की जुबान पर है— “वोट चोर, गद्दी छोड़।”
“अभी बहुत कुछ बाकी…”
तेजस्वी ने संकेत दिया कि चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद वे कई अहम खुलासे करेंगे। उनके इस बयान को आरजेडी की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसने कार्यकर्ताओं में उत्सुकता बढ़ा दी है।
नीतीश पर करारा हमला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरते हुए तेजस्वी बोले, “बिहार अब असली मुख्यमंत्री चाहता है, डुप्लीकेट सीएम नहीं।” उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इसे नीतीश कुमार के बीजेपी संग रिश्तों और सत्ता समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।