बिहार में मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया : भागलपुर में हुई अहम बैठक, 31 अगस्त को लगेगा विशेष पंजीकरण शिविर
भागलपुर, संवाददाता
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) शुरू किया है। इस क्रम में रविवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में चुनाव आयोग के विशेष प्रेक्षक भरत खेड़ा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नवल किशोर चौधरी ने सातों विधानसभा क्षेत्रों की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले में पहले 2,263 मतदान केंद्र थे, लेकिन प्रति 1,200 मतदाता पर एक केंद्र की मानक व्यवस्था के तहत 415 नए केंद्र बनाए गए हैं। अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2,678 हो गई है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जिले में 11,12,155 पुरुष, 10,46,058 महिला और 104 थर्ड-जेंडर मतदाता हैं। कुल मतदाता संख्या 21,58,317 है। जिले का लिंग अनुपात 947 और मतदाता-जनसंख्या अनुपात (EP Ratio) 0.56 दर्ज किया गया है।
विशेष प्रेक्षक भरत खेड़ा ने राजनीतिक दलों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि “सिर्फ तीन दिन शेष हैं, किसी भी पात्र मतदाता को सूची से बाहर नहीं होना चाहिए और किसी अपात्र का नाम सूची में नहीं रहना चाहिए।” उन्होंने विशेष रूप से युवा और नए मतदाताओं से आग्रह किया कि 1 सितंबर तक फॉर्म-6 भरकर नामांकन अवश्य कराएं।
चुनाव आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, 25 सितंबर तक सभी दावों और आपत्तियों की जांच होगी और 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। खेड़ा ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों की जानकारी वेबसाइट पर अपडेट हो।
इस दौरान जिलाधिकारी ने घोषणा की कि 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहेंगे और फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 प्राप्त करेंगे।