प्रेमचंद रंगशाला में गूंजा बादल सरकार का ‘पगला घोड़ा’
रस-रंग, पटना के नाट्य मंचन ने छुए दर्शकों के दिल
पटना,
रस-रंग, पटना द्वारा प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित रंगमंचीय संध्या में बादल सरकार का चर्चित नाटक ‘पगला घोड़ा’ प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पटना रंगमंच के वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेश कुमार हज्जू मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ बिहार शिक्षा बोर्ड के उपसचिव अरुण कुमार, भाजपा संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह, वार्ड पार्षद सुरेंद्र प्रसाद, इंद्रदीप चंद्रवंशी, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष प्यारेलाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।

आत्मा और अंतर्मन का टकराव
‘पगला घोड़ा’ का कथानक एक अज्ञात युवती की चिता के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसने प्रेम में असफल होकर आत्महत्या कर ली। चार पुरुष उसके अंतिम संस्कार में शामिल होते हैं और शराब के दौर में अपने-अपने जीवन के उन अंधेरे कोनों से रूबरू होते हैं, जहाँ उन्होंने कभी प्रेम को ठुकराया था। यह नाटक दर्शाता है कि प्रेम में असफलता केवल स्त्री की आत्महत्या नहीं, बल्कि पुरुषवादी समाज के हाथों हुई एक मानसिक हत्या भी है।
मंचन में प्रगति शर्मा ने युवती एवं अन्य महिला पात्रों को जीवंत किया। ब्रजेश शर्मा (कार्तिक), ज़फ्फर आलम (शशि), कुणाल कुमार (सातु), शशि रंजन भानु (हिमाद्री) और सुशील देव (चांडाल) ने अपनी सशक्त अदाकारी से दर्शकों को बांधे रखा।
मंच के पीछे की मेहनत
नाटक के सफल मंचन में तकनीकी दल का भी अहम योगदान रहा। ध्वनि संयोजन अजीत कुमार ने संभाला, वस्त्र विन्यास प्रगति शर्मा व अंकिता शर्मा ने किया, जबकि सेट डिजाइन प्रेमचंद महतो और निर्माण सुनील शर्मा द्वारा किया गया। पोस्टर व फ्लेक्स डिजाइन ज़फ्फर आलम और रोमी सेन ने तैयार किया।

सम्मान और सराहना
नाटक के समापन पर सभी कलाकारों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रंगकर्मी राज कपूर ने दर्शकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नुक्कड़ नाटक ने खींचा ध्यान
मुख्य प्रस्तुति से पूर्व रंग समूह ने ‘सिक्योरिटी गार्ड की बहाली’ शीर्षक से नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। इसमें कुमार उदय सिंह और पप्पू ठाकुर ने अपनी सशक्त भूमिका से दर्शकों का ध्यान खींचा।
इस पूरे आयोजन का निर्देशन राज कपूर ने किया और सहायक निर्देशन का दायित्व ब्रजेश शर्मा ने निभाया। रस-रंग, पटना की यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए एक यादगार शाम बन गई।