बिहार पर ‘बीड़ी-बिहार’ टिप्पणी से मचा संग्राम, NDA ने कांग्रेस पर साधा निशाना

पटना।
कांग्रेस की केरल इकाई के एक ट्वीट ने शुक्रवार को राजनीतिक तूफ़ान खड़ा कर दिया। जीएसटी सुधारों पर भाजपा की आलोचना करने के उद्देश्य से किए गए इस ट्वीट में बिहार का नाम बीड़ी से जोड़कर लिखा गया, जिसे एनडीए नेताओं ने राज्य का अपमान करार दिया। मामला तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस ने ट्वीट हटा लिया, लेकिन सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा।

ट्वीट में कहा गया था – “Bidis and Bihar start with B. Cannot be considered sin anymore.” (बीड़ी और बिहार ‘बी’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप वस्तु नहीं माना जा सकता)। इस टिप्पणी के साथ एक चार्ट भी साझा किया गया था, जिसमें बताया गया कि सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी दरें 28% से बढ़ाकर 40% कर दी गई हैं, जबकि बीड़ी पर कर घटाकर 18% कर दिया गया है।

ट्वीट सामने आने के बाद भाजपा और जेडीयू नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए इसे बिहारवासियों का अपमान बताया।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, “पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूज्य माता का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान। यही कांग्रेस का असली चेहरा है, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है।”

भाजपा प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कांग्रेस पर “सीमा लांघने” का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस की सहयोगी आरजेडी और तेजस्वी यादव भी इस टिप्पणी का समर्थन करते हैं? उन्होंने कहा, “कांग्रेस की यह सोच बताती है कि उन्हें बिहार और बिहारी जनमानस से कितनी नफ़रत है।”

जेडीयू नेता संजय कुमार झा ने भी ट्वीट को निंदनीय करार देते हुए लिखा, “बी का मतलब केवल बीड़ी नहीं होता, बी का मतलब बुद्धि भी है, जो कांग्रेस को नहीं है। बी का मतलब बजट भी है, जो कांग्रेस को हर बार चुभता है जब बिहार को विशेष सहायता मिलती है।”

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन यह ट्वीट, जिसे हटा दिया गया है, एनडीए को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नया राजनीतिक हथियार दे गया है। भाजपा और जेडीयू इसे अब “बिहारी अस्मिता” के मुद्दे से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में हैं।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *