एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में शिक्षक दिवस पर हुआ भव्य आयोजन

नगर पंचायत स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में मंगलवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। मंचासीन अतिथियों ने डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन समर्पण और ज्ञान का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने की प्रक्रिया है। प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने अपने वक्तव्य में कहा कि विभिन्न उच्च पदों पर आसीन रहने के बाद भी डॉ. राधाकृष्णन स्वयं को आजीवन शिक्षक मानते रहे, यही उनकी महानता है।

इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने पोस्टर मेकिंग, क्विज और स्पेलिंग बी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर वर्ग से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर, चंद्रयान-3, जल संरक्षण, सतत विकास और भविष्य में विज्ञान की संभावनाएं जैसे विषयों पर अपनी सृजनशीलता प्रस्तुत की।

विद्यालय के प्राचार्य किसलय रवि और अकादमिक निदेशक राजा रवि के मार्गदर्शन में पूरा समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रंजीत लामा, कृष्ण गुप्ता, अर्जुन कुमार, आनंद मोहन, मनीषा झा, गौरव कुमार, पप्पू मेहता, राकेश मिश्रा, काजल राउत, सुधांशु वर्मा समेत सभी शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के योगदान की विशेष सराहना की गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *