एस.आर. शिक्षा सम्राट की छात्रा शिवानी ने बढ़ाया विद्यालय का मान, आरआईई भुवनेश्वर में चयन
सिमराही
सिमराही नगर पंचायत स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल की पूर्व छात्रा शिवानी कुमारी ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवानी का चयन एनसीईआरटी से संबद्ध क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (आरआईई), भुवनेश्वर में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बी.एससी-बी.एड पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।
शिवानी मूल रूप से मधुबनी गांव निवासी मनोज कुमार की सुपुत्री हैं। 2022 बैच में विद्यालय की टॉपर रह चुकी शिवानी ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की। आरआईई को देश के श्रेष्ठ शिक्षक-शिक्षा संस्थानों में गिना जाता है। यहाँ प्रवेश मिलना किसी भी विद्यार्थी के लिए गौरव की बात होती है।

विद्यालय परिवार में इस सफलता से उत्साह और हर्ष का वातावरण है। विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता और निदेशिका अल्पना मेहता ने शिवानी व उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से पहचान बना रही हैं।
अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि शिवानी की विषयों पर गहरी पकड़ और कक्षा में समर्पण उसे हमेशा अलग बनाते थे। उनका चयन विद्यालय के एलुमनाई नेटवर्क को और मजबूत करता है। वहीं प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने विश्वास जताया कि शिवानी की यह उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
आरआईई की स्थापना एनसीईआरटी द्वारा देशभर में शिक्षक-शिक्षा कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने और विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से की गई थी। पिछले छह दशकों से यह संस्थान नवाचार और शोध के क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। ऐसे प्रतिष्ठित महाविद्यालय में प्रवेश पाने पर विद्यालय परिवार गर्वित है।