जदयू में पूर्व सांसद अरुण कुमार की ‘घर वापसी’, पुत्र ऋतुराज संग थामा नीतीश का हाथ
पटना: बिहार की राजनीति में शनिवार को एक बार फिर सियासी घर वापसी देखने को मिली, जब जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार सिंह ने अपने बेटे ऋतुराज कुमार और समर्थकों के साथ जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम राजधानी पटना में आयोजित किया गया, जहां जदयू के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर मंच पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला जब अरुण कुमार सिंह अपने पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी से गले मिलते नजर आए। दोनों नेताओं के इस मिलन पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर तालियां बजाईं, जिससे माहौल कुछ देर के लिए उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा, “अरुण कुमार सिंह समता पार्टी के दौर से ही हमारे साथ रहे हैं। बीच में कुछ राजनीतिक मतभेदों के कारण अलगाव हुआ था, लेकिन आज उनका लौटना एक सुखद संकेत है। अब वे फिर से परिवार में लौट आए हैं और जदयू को मजबूती देंगे।”
वहीं संजय झा ने इस मौके को ‘घर वापसी’ बताते हुए कहा कि अरुण कुमार सिंह के आने से पार्टी को जहानाबाद और मगध क्षेत्र में नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जदयू में अनुभवी नेताओं का जुड़ना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास नीति और सुशासन के प्रति लोगों के भरोसे को और पुख्ता करता है।
अपनी वापसी पर अरुण कुमार सिंह ने कहा, “यह मेरे लिए भावनात्मक क्षण है। मैंने हमेशा नीतीश कुमार जी की नीतियों में भरोसा रखा है। अब हम सब मिलकर बिहार में एनडीए की सरकार को और मजबूत करेंगे।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अरुण कुमार सिंह की जदयू में वापसी से जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत होगी और विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
— रिपोर्ट: TWM News, पटना