हर घर में सरकारी नौकरी का वादा: तेजस्वी यादव ने किया बड़ा ऐलान, बोले- 20 दिन में बनेगा नया कानून
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी आरजेडी सत्ता में आती है तो बिहार के हर घर में कम से कम एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमारी सरकार बनने के 20 दिन के अंदर इस संबंध में एक नया कानून बनाया जाएगा और अगले 20 महीनों के भीतर बिहार के किसी भी घर में बेरोजगारी नहीं रहेगी। हर घर में एक सरकारी नौकरी सुनिश्चित की जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह कदम न केवल रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होगी बल्कि राज्य के आर्थिक तंत्र को भी मजबूत करेगा। तेजस्वी का यह बयान युवाओं में उत्साह का माहौल बना रहा है, वहीं विपक्षी दलों ने इसे ‘चुनावी वादा’ बताते हुए सवाल खड़े किए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक, अंतिम मतदाता सूची में कुल 7.42 करोड़ मतदाता शामिल हैं। प्रारंभिक सूची में 7.89 करोड़ नाम थे, लेकिन संशोधन के दौरान लगभग 65 लाख नाम हटाए गए।