बिहार विधानसभा चुनाव : पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू, 17 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे
एनडीए और इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर असमंजस बरकरार, प्रत्याशियों की सूची का इंतजार जारी

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण की 121 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से प्रारंभ हुई, जो 17 अक्टूबर तक जारी रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 11 नवंबर को निर्धारित है। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।


पहले चरण में इन जिलों में डाले जाएंगे वोट

पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें पटना, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर शामिल हैं।


एनडीए और इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर गतिरोध

चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बावजूद, सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन दोनों ही अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर पाए हैं
दोनों खेमों में सीट बंटवारे को लेकर छोटे दलों के बीच खींचतान जारी है।

एनडीए की ओर से जहां बीजेपी और जेडीयू के बीच सीटों पर सहमति बनने की कोशिशें जारी हैं, वहीं सूत्रों के मुताबिक बीजेपी 101 और जेडीयू 102 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है
चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जिसे पहले 20-22 सीटें देने की बात चल रही थी, अब 45 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है।


इंडिया गठबंधन में भी सीटों को लेकर असंतोष

विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) कोटे में 135-140 सीटों पर लड़ने की तैयारी में है। पार्टी ने कांग्रेस को 50-52 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है, जबकि कांग्रेस 70 सीटों की मांग पर कायम है।
सूत्रों के अनुसार, आरजेडी की वरिष्ठ नेताओं की बैठक आज पटना में होगी, जिसमें उम्मीदवारों की पहली सूची पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

वहीं भाकपा (माले) भी प्रस्तावित 20-25 सीटों से असंतुष्ट है और 40 सीटों की मांग कर रही है। 2020 के विधानसभा चुनाव में भाकपा (माले) ने 19 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी।


जन सुराज पार्टी ने दिखाई तेजी

इस बीच प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अन्य दलों से पहले बढ़त लेते हुए गुरुवार को 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी


बीजेपी में गहमागहमी, जल्द जारी होगी पहली सूची

सीट बंटवारे को लेकर जारी असमंजस के बीच केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को पटना पहुंचे। उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें कीं।
सूत्रों का कहना है कि एनडीए में सीटों का अंतिम फार्मूला एक-दो दिन में तय हो जाएगा, जिसके बाद बीजेपी अपनी पहली सूची जारी करेगी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *