राघोपुर से तेजस्वी यादव ने ठोकी ताल, लालू परिवार संग किया नामांकन दाखिल

वैशाली : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बुधवार का दिन राघोपुर सीट के लिए ऐतिहासिक रहा, जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भारी समर्थकों के हुजूम के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। लालू परिवार के गढ़ माने जाने वाले इस सीट पर एक बार फिर तेजस्वी ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया है।

नामांकन के दौरान लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। तेजस्वी यादव करीब दर्जनभर से अधिक वाहनों के काफिले के साथ वैशाली अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीओ के समक्ष उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के वक्त कार्यालय परिसर “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” और “लालू यादव अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

राजद के हाजीपुर प्रत्याशी देव कुमार चौरसिया भी तेजस्वी यादव के साथ पहुंचे और उन्होंने भी अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन कार्यक्रम में वैशाली और हाजीपुर क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। तेजस्वी के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी सेतु से लेकर अनुमंडल कार्यालय तक फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में राघोपुर से तेजस्वी यादव ने जदयू के सतीश यादव को हराया था। इस बार एनडीए की ओर से अब तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है, जिससे इस सीट पर सस्पेंस बरकरार है।

राजद ने इस बार वैशाली जिले की तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें राघोपुर से तेजस्वी यादव, महुआ से मुकेश रोशन और हाजीपुर से देव कुमार चौरसिया मैदान में हैं। महुआ विधायक मुकेश रोशन भी आज ही अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं।

तेजस्वी यादव के नामांकन के साथ ही बिहार की राजनीति में एक बार फिर राघोपुर सीट पर सबकी निगाहें टिक गई हैं — क्योंकि यही सीट तय करेगी कि लालू परिवार का गढ़ इस बार भी अडिग रहेगा या कोई नया इतिहास लिखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *