लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा ने भरा नामांकन, रेखा गुप्ता और गिरिराज सिंह रहे साथ
एनडीए नेताओं की ताकतवर मौजूदगी, विकास और जनसेवा को बताया प्राथमिकता

लखीसराय। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत बुधवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय सीट से नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर एनडीए की ताकत दिखी जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

नामांकन के बाद भारी जनसमर्थन के बीच विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लखीसराय की जनता ने हमेशा उन पर भरोसा जताया है और यही विश्वास उन्हें निरंतर सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा, “अब तक जितना हो सका, मैंने जनता की सेवा की है। आगे भी विकास की रफ्तार को और तेज़ करूंगा। मेरा संकल्प है कि लखीसराय को बिहार के विकास मानचित्र में अग्रणी स्थान दिलाया जाए।”

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विजय कुमार सिन्हा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में जनसेवा और विकास का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए इस बार भी प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटेगा।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विजय सिन्हा के नेतृत्व में लखीसराय ने जो प्रगति की है, वह पूरे बिहार के लिए मिसाल है। कार्यक्रम स्थल पर हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ ने एनडीए प्रत्याशी के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाया।

लखीसराय विधानसभा अब चुनावी माहौल में पूरी तरह सरगर्म हो चुकी है और नामांकन के साथ ही एनडीए ने अपने अभियान की मजबूत शुरुआत कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *