महागठबंधन में सीट बंटवारे पर फूटा विवाद, 11 सीटों पर आमने-सामने साथी दल – चिराग पासवान ने कसा तंज
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से महज कुछ दिनों पहले महागठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण विपक्षी गठबंधन के घटक दल अब एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतर गए हैं। ताजा विश्लेषण के अनुसार, राज्य की 11 विधानसभा सीटों पर महागठबंधन के दल आपस में ही सीधी टक्कर में हैं, जिससे अंदरूनी खींचतान उजागर हो गई है।
इन सीटों पर उत्पन्न स्थिति को लेकर एनडीए नेताओं ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि “जो खुद एकजुट नहीं रह सकते, वे बिहार को स्थिरता कैसे देंगे?”
सूत्रों के अनुसार, इन 11 सीटों में छह पर राजद और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं, कांग्रेस और सीपीआई के उम्मीदवार चार सीटों पर आमने-सामने हैं। एक सीट — चैनपुर — पर राजद और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे।
राजद ने सोमवार को अपने 143 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी, जिसमें छह ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। ये सीटें हैं — वैशाली, सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज, नरकटियागंज और वरसलीगंज।