‘अब तवा पलटने का समय आ गया’ — लालू यादव ने की बिहार में सत्ता परिवर्तन की अपील, कहा तेजस्वी सरकार ही नया बिहार बनाएगी
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को मतदान के दिन बिहार में सत्ता परिवर्तन की जोरदार मांग करते हुए कहा कि “अब तवा पलटने का समय आ गया है।” उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “बीस साल बहुत होते हैं, अब रोटी जलने से पहले उसे पलटना जरूरी है।”
पहले चरण के मतदान के दौरान लालू यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तथा महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ पटना में वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब बिहार को नई सोच और नई दिशा की जरूरत है।
लालू यादव ने कहा, “रोटी को तवे पर ज्यादा देर छोड़ देंगे तो जल जाएगी। बिहार में भी वही हाल है। अब तवा पलटने का वक्त आ गया है। तेजस्वी की सरकार बनेगी तभी नया बिहार बनेगा।”
राजद प्रमुख ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “परिवर्तन का समय आ गया है, बिहार बदलाव चाहता है।”
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को हुई, जिसमें 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है, जिनमें राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा के सम्राट चौधरी और मंगल पांडे, तथा जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी शामिल हैं। तेजप्रताप यादव भी इस बार अपनी नई पार्टी के बैनर तले चुनावी मैदान में हैं।
2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को 125 सीटें मिली थीं जबकि महागठबंधन 110 सीटों पर सिमट गया था। उस चुनाव में जदयू ने 43, भाजपा ने 74, राजद ने 75 और कांग्रेस ने 19 सीटें जीती थीं।
पहले चरण के मतदान के साथ ही बिहार में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि जनता लालू यादव की ‘तवा पलट’ अपील को कितना समर्थन देती है और क्या बिहार की राजनीति में सचमुच कोई नई सुबह होती है।