लालकिला विस्फोट को सरकार ने बताया आतंकी हमला, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई CCS की आपात बैठक
दिल्ली, TWM News ब्यूरो

देश की राजधानी दिल्ली में हुए लालकिला कार विस्फोट को केंद्र सरकार ने एक “आतंकी घटना” करार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक में इस घटना को “नृशंस और कायरतापूर्ण कृत्य” बताया गया। बैठक में दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

प्रधानमंत्री मोदी, जो हाल ही में भूटान दौरे से लौटे हैं, ने बैठक में कहा कि भारत किसी भी रूप में आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और देश की “शून्य सहनशीलता” की नीति पर कायम रहेगा। उन्होंने जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि इस हमले की जांच “पूर्ण तत्परता और पेशेवर तरीके” से की जाए, ताकि दोषियों और उनके नेटवर्क तक जल्द पहुँचा जा सके।

बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सरकार का आधिकारिक प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा,

“कैबिनेट इस जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा करती है, जिसने निर्दोष नागरिकों की जान ली है। सरकार आतंकवाद के खिलाफ अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराती है और दुनिया भर से मिले समर्थन और एकजुटता के संदेशों की सराहना करती है।”

उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाए।

गौरतलब है कि दो दिन पहले लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। घटना के बाद दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू की थी। उसी दिन तीन डॉक्टरों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जो एक अंतरराज्यीय “व्हाइट-कॉलर” आतंकी मॉड्यूल से जुड़े बताए जा रहे हैं।

कैबिनेट ने बैठक में राहत और बचाव कर्मियों तथा मेडिकल स्टाफ की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनकी सेवा भावना “अत्यंत प्रशंसनीय” है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *